इंटरनेशनल वाटर वीक-2026 में जलसहिया नीता लकड़ा की जुबानी, जल संरक्षण एवं ग्रे-वाटर प्रबंधन की सफलता की कहानी

Amar Nath Pathak
0


आनंद कुमार सोनी, ब्यूरो, वर्ल्ड विजन न्यूज 

लोहरदगा। जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 22 से 26 सितंबर 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक (IIWW)-2026 में लोहरदगा जिले की ग्राम सेरेंगहातु की जल सहिया नीता लकड़ा को अपने गांव में तरल अपशिष्ट (ग्रे-वाटर) प्रबंधन एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान नीता लकड़ा ने बताया कि जल संरक्षण एवं ग्रे-वाटर प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए ग्रामीणों को जागरूक एवं संगठित किया गया। विभिन्न विभागों एवं योजनाओं के अभिसरण से गांव में नाली निर्माण, सोख्ता गड्ढों का निर्माण तथा घरेलू एवं सार्वजनिक जल स्रोतों के पास जल निकासी और सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था विकसित की गई।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक भागीदारी से किए गए इन प्रयासों से गांव में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। घरों से निकलने वाले पानी को खुले में बहने देने के बजाय सोख्ता गड्ढों के माध्यम से सुरक्षित रूप से जमीन में समाहित किया जा रहा है। अधिकांश घरों के साथ-साथ सार्वजनिक जल स्रोतों के पास भी सोख्ता गड्ढों का निर्माण कराया गया है। इससे सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जलजमाव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई है तथा गांव में स्वच्छता एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने में मदद मिली है।
श्रीमती लकड़ा ने कहा कि ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और विभिन्न विभागों के सहयोग से गांव में जल संरक्षण एवं ग्रे-वाटर प्रबंधन को जनभागीदारी आधारित पहल का रूप दिया गया है। जलजमाव कम होने से गंदगी एवं दूषित पानी से उत्पन्न होने वाली समस्याओं से भी ग्रामीणों को राहत मिली है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर जमीनी स्तर की जल सहिया द्वारा प्रस्तुत इस अनुभव एवं सामुदायिक मॉडल की उपस्थित प्रतिनिधियों ने सराहना की। कार्यक्रम में भारत सरकार के सचिव श्री के. के. मीणा, विभिन्न राज्यों के सचिव, मिशन निदेशक एवं अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ ग्रे-वाटर प्रबंधन एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाले विशेषज्ञ एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, झारखंड के सचिव अबू इमरान तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), झारखंड की अभियान निदेशक रंजीता हेम्ब्रम भी उपस्थित थीं।

*उपायुक्त ने की सराहना*

जिला के उपायुक्त संदीप कुमार मीणा ने कहा कि लोहरदगा जिले की जल सहिया को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने गांव की सफलता की कहानी प्रस्तुत करने का अवसर मिलना न केवल जिले, बल्कि पूरे झारखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल दर्शाती है कि ग्रामीण समुदाय की सहभागिता, जल सहियाओं के नेतृत्व और योजनाओं के प्रभावी अभिसरण से गांवों में ग्रे-वाटर प्रबंधन, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में स्थायी बदलाव लाया जा सकता है।
Tags

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

World Vision News ®

To Top